त्यौहारी सीजन में वन अपराधों पर सख्त निगरानी, वाहन सहित खैर लकड़ी जब्त कर वन अपराध प्रकरण दर्ज

एमसीबी। वन संपदा की सुरक्षा और अवैध लकड़ी परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए वनमंडल मनेन्द्रगढ़ द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वन परिक्षेत्र मनेन्द्रगढ़ की टीम ने 4 नवम्बर की रात घेराबंदी कर अवैध खैर लकड़ी से लदे वाहन क्रमांक डच 65 ळ। 2317 को जब्त किया। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वन विभाग को खैर लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना पर वन अमले ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन चालक ने वन अमले को चकमा देकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम की सतर्कता से उसका प्रयास विफल रहा। वन अमले ने वाहन को पकड़कर उसमें लदी खैर लकड़ी जब्त कर ली। मामले में नियमानुसार वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

यह कार्रवाई परिक्षेत्र अधिकारी मनेन्द्रगढ़ के नेतृत्व में की गई। इसमें परिक्षेत्र सहायक रतौरा राम गोपाल सिंह, वन रक्षक विजय पैकरा, रवेंद्र रघुवंशी, जगदेव सिंह, देव सिंह एवं अशोक कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने बताया कि त्यौहारी सीजन को देखते हुए वन क्षेत्रों में निगरानी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई गई है। अवैध कटाई, लकड़ी के परिवहन और अन्य वन अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वन संपदा की सुरक्षा के लिए विभागीय अमले को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Spread the love