अंबिकापुर। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं तथा पहली बार मतदाता बनने वाले पात्र नागरिकों के पंजीयन के लिए 5 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में गठित नोडल ईएलसी के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान ऐसे व्यक्ति जिनका नाम वर्तमान में मतदाता सूची में पंजीकृत नहीं है अथवा जिनका नाम पूर्व में मतदाता सूची से हटा दिया गया है, वे भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकेंगे। विद्यालयों में विशेष शिविर के माध्यम से पात्र युवाओं की पहचान कर उनके मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जारी निर्देश के अनुसार विद्यालयों में 17+ आयु वर्ग के युवाओं का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाना है। इसके लिए सभी विद्यालयों में विशेष कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों एवं युवाओं को पंजीयन प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त फॉर्म-6 को विधानसभा क्षेत्रवार संकलित कर स्वीप कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
विशेष शिविर में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं को आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के लिए कहा गया है। इनमें कक्षा 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, पिता/घर के सदस्यों के वोटर आईडी नंबर तथा पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे विशेष शिविर के आयोजन की सूचना एक दिन पूर्व छात्र-छात्राओं को दें, ताकि पात्र युवा आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर सकें।

Spread the love