0 एक ग्रामीण की 6 तो दूसरे की 4 बकरियां जंगल मे मिली मृत 

चांदनी बिहारपुर। क्षेत्र के पासल में जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से लगे क्षेत्र में जानवर ने 10 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। इनमें पशु मालिक मोहन सिंह की 6 नग और महावल सिंह की 4 नग बकरियां शामिल हैं। कुछ बकरियां मृत अवस्था में मिलीं, जबकि कुछ बकरियों को जंगली जानवर द्वारा खाए जाने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों ने बकरियों पर हमला करने वाले जानवर को तेंदुआ होने की आशंका जताई है। हालांकि वन विभाग की जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है।

चांदनी बिहारपुर क्षेत्र का जंगल मध्यप्रदेश के संजय क्षेत्र और छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, इस पूरे सीमावर्ती वन क्षेत्र में जंगली जानवरों का आना-जाना लगा रहता है। कभी टाइगर तो कभी तेंदुए की मौजूदगी की खबरें सामने आती रहती हैं। गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व के रूप में विकसित किए जाने की प्रक्रिया के बीच वन्यजीवों की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ी है। बिहारपुर क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को रात में अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में जंगली जानवरों की आवाजाही से ग्रामीणों में डर और सनसनी का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की निगरानी करने की मांग की है। इस संबंध में बिहारपुर रेंजर मेवालाल पटेल ने कहा कि उन्हें भी जानकारी मिली है फिलहाल वे सूरजपुर में है किस जानवर ने बकरियों को शिकार बनाया है यह वे नहीं बता सकते है। 

Spread the love