अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा सरगुजा ने जिले के स्वास्थ्य अमले की लंबित समस्याओं और अधिकारियों की मनमानी को लेकर मोर्चा खोल दिया है। संघ की आवश्यक बैठक 27 सितम्बर, रविवार को दोपहर 12 बजे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के मंथन हॉल में बुलाई गई है। जिला अध्यक्ष धनेश प्रताप सिंह ने बताया कि बैठक में जिले के सभी ब्लॉक, जिला, संभाग और प्रांतीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में विशेष रूप से प्रांताध्यक्ष अनिल पाण्डेय और संभागीय अध्यक्ष श्यामा कांत तिवारी भी उपस्थित रहेंगे। बैठक में सरगुजा जिले में संघ की सदस्यता और संभाग, जिला, विकासखण्ड स्तर पर लंबित कर्मचारी समस्याओं के निराकरण, राज्य, संभाग और जिला स्तर पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की पदोन्नति में हो रही देरी और कर्मचारी समस्याओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों का उदासीन रवैया, पुनरीक्षित वेतनमान लागू करने और ऑनलाइन एंट्री में मैदानी कर्मचारियों को हो रही भारी परेशानी, साथ ही ऑनलाइन एंट्री के लिए जरूरी संसाधनों की कमी पर विशेष रूप से चर्चा होगी।
बीएमओ दरिमा पर गंभीर आरोप
बैठक का सबसे बड़ा एजेंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा के बीएमओ डॉ. राहुल कुशवाहा की कार्यशैली है। संघ ने आरोप लगाया है कि बीएमओ के द्वारा जानबूझकर कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है और उनकी तानाशाही लगातार बढ़ती जा रही है। संघ का आरोप है कि डॉ. कुशवाहा नियमों को ताक में रखकर काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अंबिकापुर को टारगेट कर दुर्व्यवहार किया जा रहा है और बदले की भावना से ग्रसित होकर व्यक्तिगत रूप से परेशान किया जा रहा है। इसी मामले में आगे की रणनीति पर चर्चा कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। संघ ने सभी पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है।

Spread the love

You missed