अंबिकापुर। शहर के नए बस स्टैंड के पास निर्माणाधीन वसुंधरा सिटी मॉल में काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक कुमार पिता नंदकुमार निवासी ग्राम बेलखरिखा के रूप में हुआ है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार इलेक्ट्रिकल वर्किंग का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लगा। साथी मजदूरों ने तुरंत उसे उठाकर संजीवनी अस्पताल पहुंचाए। अस्पताल के संचालक डॉ. अजय तिर्की ने बताया कि मरीज को सुबह लगभग 10.40 बजे के लगभग अचेत अवस्था में लाया गया था। लाते समय उसका बीपी और पल्स रिकॉर्डेबल नहीं था। ड्यूटी पर मौजूद मेडिसिन और अन्य विभाग के डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर और इमरजेंसी दवाएं दी। कुछ देर के लिए पल्स लौटता हुआ लगा, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पोस्टमार्टम सहित अन्य वैधानिक प्रक्रिया पुलिस कर रही है। डॉ. तिर्की ने बताया कि इलेक्ट्रिक शॉक के मामलों में तुरंत अच्छा सीपीआर मिलने पर कभी-कभी मरीज बच जाता है, इस केस में भी पूरी कोशिश की गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है, और अग्रिम जांच कर रही है।
बाक्स
मृतक लिफ्ट मशीन में भर रहा था मटेरियल
भवन स्वामी केएन सिंह ने बताया कि, सुबह सभी मजदूर काम पर लगे थे। मृतक लिफ्ट मशीन से मटेरियल ऊपर चढ़ाने वाली ट्रॉली में नीचे से मटेरियल भरने का काम कर रहा था। करीब एक घंटे बाद 10 बजे के आसपास ट्रॉली या उसके वायर में अचानक करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आकर अचेत हो गया। तुरंत उसे संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, वहां करीब आधे घंटे तक हार्ट का ट्रीटमेंट, सीपीआर किया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि सभी मजदूरों के लिए सेफ्टी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, बेल्ट, हेलमेट दिया गया है। लिफ्ट रोजाना चल रही है। सुबह डेढ़ घंटे तक चली थी, लेकिन अचानक कैसे करंट आया इसकी जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मृतक हमारे परिवार का ही सदस्य है। उसकी मां, पिता, पत्नी और साला सब उनके यहां ही काम करते हैं। इस दुख को पैसे से नहीं तोला जा सकता, लेकिन हम उसके परिवार के साथ आखिरी तक खड़े रहेंगे, पूरा मदद करेंगे।

Spread the love