अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन के उपक्रम छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कार्पोरेशन (सीएमडीसी) की सबसे बड़ी बॉक्साइट खदानों में एक मैनपाट के ग्राम बरीमा स्थित खदान में पिछले 56 दिनों से ग्रामीणों द्वारा परिवहन कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। खदान के अधिकारी इतने परेशान हो गए कि उन्हें आखिरकार पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज करानी पड़ी।
क्षेत्रीय कार्यालय अंबिकापुर के उप महाप्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने थाना कमलेश्वरपुर में तत्संबंध में लिखित आवेदन देकर बताया है कि, कलेक्टर खनिज शाखा के पत्र दिनांक 10 अप्रैल 2026 के तहत ग्राम बरीमा में स्थित बॉक्साइट खदान, रकबा 54.268 हेक्टेयर से वित्तीय वर्ष 2024-25 से पूर्व उत्पादित एवं खदान परिसर में भंडारित खनिज बॉक्साइट का नियमानुसार परिवहन कार्य कराया जा रहा है। शिकायत में बताया गया है कि 01.07.2026 के सुबह 08 बजे से 25.08.2026 के दिन 03 बजे तक ग्राम बरीमा निवासी कुंज बिहारी यादव एवं अन्य व्यक्तियों के द्वारा अवैध तरीके से शासकीय परिसर में खनिज बॉक्साइट के परिवहन कार्य व परिवहन मार्ग को रोक दिया गया है। आरोपी परिवहन मार्ग पर जमीन पर लेट जाते हैं, बैठ जाते हैं और आने-जाने वाली वाहनों के चालकों को खदान में नहीं आने के लिए धमकाते हैं। पूर्व में भी कुंज बिहारी यादव एवं अन्य के द्वारा किए गए इस कृत्य के संबंध में प्रशासन को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भेजा गया था। सीएमडीसी और ठेकेदार के प्रतिनिधियों द्वारा कई बार समझाइश दी गई कि, खनिज परिवहन कार्य को बाधित न किया जाए, बावजूद इनके द्वारा लगातार व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है, जिससे खदान का पूरा अमला डरा हुआ है और खनिज बॉक्साइट का परिवहन कार्य बाधित होने से शासन के राजस्व हित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना कमलेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी कुंज बिहारी यादव व अन्य के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित सदर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।

Spread the love