अंबिकापुर। ट्रेक्टर से गिरने सहित चार अलग-अलग मामलों में घायल दो महिला और दो पुरूष की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम करके मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराया है। शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिला के पस्ता थाना अंतर्गत ग्राम उलिया निवासी उषा तिर्की पिता स्व. रोदन राम 46 वर्ष, बाएं पैर से दिव्यांग था। बीते 19 अगस्त को वह अपने भतीजा के साथ ट्रेक्टर लेकर ग्राम पस्ता में खेत की जोताई करने गया था। वापस आते समय रास्ते में मादरसरई के पास अनियंत्रित होकर ट्रेक्टर से नीचे गिर गया। स्वजन उसे राजपुर स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, यहां से रेफर करने पर 20 अगस्त को मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराए थे, यहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
स्कूटी में बैठते समय गिरी महिला, मौत
अन्य घटनाओं में स्कूटी में बैठ रही ब्रम्ह रोड अंबिकापुर निवासी सुशीला देवी पति स्व. कृष्णा प्रसाद गुप्ता 67 वर्ष की मौत हो गई। मृतिका मंगलवार को अपरान्ह करीब 3 बजे केवाईसी कराने के लिए आयुष केशरी के साथ जाने निकल रही थी। स्कूटी में बैठते समय वह अचानक सिर के बल गिरी। स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान शाम 5.15 बजे उसकी मौत हो गई।  
कीटनाशक सेवन किए वृद्ध की मौत
सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम करसी निवासी रामचरण पिता स्व. रूमघुट कोड़ाकू 67 वर्ष की कीटनाशक के सेवन से मौत हो गई। मृतक 23 अगस्त को पैदल बाजार की ओर गया था, इसी दौरान अज्ञात कारणों से कीटनाशक का सेवन कर लिया। स्वजन उसे प्रतापपुर स्वास्थ्य केंद्र से रिफर करने पर मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पैदल आ रही महिला गिरी, हो गई मौत
मायके से पैदल घर लौट रही बसंती यादव पति राजनाथ 60 वर्ष, रास्ते में गिर गई, अस्पताल लाते तक उसकी मौत हो गई। मृतिका कोतवाली थाना अंबिकापुर के कांतिप्रकाशपुर की रहने वाली थी। 24 अगस्त को वह अपने भतीजा चंद्रबलि के साथ सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत जरही गई थी, और अपने मायका ग्राम बोझा में ही रूक गई थी। 25 अगस्त को दोनों वापस आने के लिए ग्राम बोझा से खड़गवां जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वह अचानक गिर गई। स्वजन उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Spread the love