अंबिकापुर। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आज 26 अगस्त को शहर में जुलूस का आयोजन किया जाएगा। जुलूस प्रात: 9 बजे वीर अब्दुल हामिद चौक से प्रारंभ होकर कलाकेंद्र मैदान तक जाएगा।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर सीरतुन्नबी कमेटी, अंबिकापुर द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित कार्यक्रम में पैगंबर-ए-आलम हजरत मोहम्मद मुस्तफा (स.अ.व.) की पाकीजा जिंदगी, आला किरदार, इंसानी हमदर्दी और उनकी तालीमात पर रोशनी डाली जाएगी, जो पूरी आलम-ए-इंसानियत के लिए मोहब्बत, अमन, भाईचारे और इंसाफ का पैगाम देती है। सीरतुन्नबी कमेटी ने शहरवासियों से इस मोहब्बत, अमन, भाईचारे और कौमी एकता से सजी महफिल में शामिल होने की गुजारिश की है।
कौमी एकता की अनोखी मिसाल
कमेटी के अनुसार इस मुबारक प्रोग्राम में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और सिख समाज के धर्मगुरु एवं वक्तागण शिरकत करेंगे और हजरत मोहम्मद की सीरत-ए-पाक एवं उनकी इंसानी तालीमात पर अपने ख्यालात का इजहार करेंगे। यह महफिल मजहबी सद्भाव, आपसी मोहब्बत, इत्तेहाद और कौमी एकता का एक खूबसूरत पैगाम बनेगी।
प्रतिभाओं का सम्मान
इस मौके पर पीएससी एवं सीजीपीएससी में कामयाबी हासिल करने वाले होनहार नौजवानों तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कामयाबी हासिल करने वाली शख्सियतों का इज्जत-ओ-एहतराम के साथ सम्मान किया जाएगा।
संगम चौक पर कांग्रेस करेगी स्वागत
जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र गुप्ता के संगम चौक स्थित आवास के पास जुलूस का स्वागत किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने सभी कांग्रेसजनों से प्रात: 10 बजे संगम चौक पर उपस्थित रहने का आग्रह किया है। स्वागत कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस शहर एवं ग्रामीण, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कामगार, प्रोफेशनल, किसान, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग, अजा-जजा प्रकोष्ठ, व्यापार प्रकोष्ठ, इंटक, मीडिया विभाग सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।

Spread the love