सरपंच-सचिव संघ ने स्वजन को दी 59 हजार की सहायता
 
उदयपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़ेगांव की महिला सरपंच भजन्ती नाग का लंबी बीमारी के बाद 22 अगस्त को निधन हो गया, उनके निधन पर सोमवार 25 अगस्त को रामगढ़ शेड में सरपंच संघ एवं सचिव संघ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरपंच संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह मरकाम एवं सचिव संघ अध्यक्ष बाबूलाल महंत ने की।
बैठक की शुरुआत दिवंगत सरपंच को श्रद्धांजलि देकर की गई। उपस्थित सभी सरपंचों एवं सचिवों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। इस दुख की घड़ी में दोनों संघों ने एकजुटता दिखाते हुए दिवंगत सरपंच के परिजनों को 59 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। बैठक में इसके अलावा ग्राम पंचायतों में कार्य संचालन के दौरान आ रही समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई और उनके निराकरण के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने पर सहमति बनी। बैठक में जनपद पंचायत उदयपुर क्षेत्र के लगभग 100 सरपंच, सचिव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

Spread the love