बुधवार शाम को घर से निकलने के बाद नहीं लौटी, स्वजन लगे थे तलाश में  

जरही। सूरजपुर जिले के नगर पंचायत जरही जंगलपारा में गुरुवार सुबह एक नाबालिग किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान बंशीपुर के कोदवारीपारा निवासी स्व. बुधन सिंह की नाबालिग पुत्री के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, किशोरी बुधवार शाम घर से बाहर निकली थी। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। बताया जा रहा है कि, किशोरी पूर्व में भी एक-दो बार इसी तरह घर से बाहर गई थी और बाद में वापस लौट आई थी, जिस कारण स्वजन उसके लौटने की उम्मीद में तलाश करते रहे। गुरुवार सुबह जरही के जंगलपारा इलाके के जंगल में किशोरी का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। स्वजन घटनास्थल पर मिली रस्सी को अपने घर का होने बता रहे हंै। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ करके घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। किशोरी के मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना से गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दौरान भटगांव थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक विनोद सिंह, दिनेश ठाकुर, राधेश्याम साहू, महिला पुलिसकर्मी सहित पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट करेगी।

Spread the love