उदयपुर। जंगल में मवेशी चराने गए 65 वर्षीय वृद्ध पर भालू के हमले से ग्राम सितकालो निवासी चैतु मझवार की उपचार के लिए रायपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना 10 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे चिंड्राबाहर रनई टोंगरी, बीट मरेया, वन कक्ष क्रमांक 2199 के जंगल क्षेत्र में हुई।
जानकारी के मुताबिक, चैतु मझवार अपने खेत की ओर मवेशी चराने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सीएचसी उदयपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। यहां से बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाते समय कटघोरा के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन वापस उदयपुर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्ट कराया है।
वन विभाग ने दी 25 हजार की तत्कालिक सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ लोकनाथ पटेल के निर्देश और एसडीओ बिजेंद्र सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम मृतक के घर पहुंची। वन परिक्षेत्र अधिकारी फेंकू प्रसाद चौबे, वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, वनरक्षक बसंत राम, इग्नेश बैक एवं राजू टोप्पो ने परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वन अमले ने बताया कि प्रकरण तैयार करके शासन को भेजा जाएगा और नियमानुसार शेष सहायता राशि भी दी जाएगी।
ग्रामीणों में दहशत
भालू के हमले के बाद सितकालो सहित आसपास के गांवों में दहशत है। ग्रामीण जंगल में मवेशी चराने और रोजमर्रा के कामों के लिए जाने से डर रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।

Spread the love