पहले दिन 12 हजार विद्यार्थियों ने ली नशा न करने की शपथ
अंबिकापुर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की स्मृति में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ बुधवार को अंबिकापुर के विभिन्न विद्यालयों से हुआ।
अभियान के पहले दिन 6 अगस्त को शहर और संभाग के स्कूलों में विद्यार्थियों को नशे से बचाव के लिए जागरूक किया गया। उन्हें जीवन में कभी नशा न करने और दूसरों को भी नशा न करने देने की प्रतिज्ञा कराई गई। अभियान की शुरुआत प्रात: ब्रह्माकुमार और ब्रह्माकुमारी भाई-बहनों की जागरूकता रैली से हुई। रैली को भगवानपुर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. अपूर्व और मदारी आर्ट के संचालक आनंद गुप्ता ने शिव ध्वज दिखाकर रवाना किया। ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवा केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या ने बताया कि यह अभियान 6 अगस्त से 20 अगस्त तक पूरे सरगुजा संभाग में चलेगा। इसके तहत स्कूलों, महाविद्यालयों, कार्यालयों और ग्रामों में नशामुक्ति कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि पहले दिन शासकीय मल्टीपरपज विद्यालय में 1965, मोंटफर्ट विद्यालय में 540, सरगंवा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 295, मेंड्राकला उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 630, नेहरू विद्या मंदिर में 860, ब्राइट स्टार विद्यालय में 110, नमना कला पूर्व माध्यमिक शाला में 30, बोदा उच्चतर माध्यमिक शाला में 500 और ठाकुरपुर माध्यमिक शाला में 70 विद्यार्थियों ने प्रतिज्ञा ली। इसी तरह बतौली में 1328, बलरामपुर में 1157, बैकुंठपुर में 1054 और सूरजपुर में 500 विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस प्रकार पहले दिन लगभग 12 हजार विद्यार्थियों ने नशा न करने का संकल्प लिया। इस अभियान में ब्रह्माकुमारी विद्या के साथ रेखा, ममता, संजू, उमा, पार्वती, सरिता, मंजू, अहिल्या तथा ब्रह्माकुमार लल्लू भाई, मनोज भाई और उमेश भाई शामिल हुए। ब्रह्माकुमारी विद्या ने बताया कि अंबिकापुर के साथ संभाग के 11 सेवा केंद्रों द्वारा भी लोगों को नशामुक्ति के लिए जागरूक किया जा रहा है।

Spread the love