हजारों की संख्या में पहुंचे भोले भक्तों के कारण शहर हुआ शिवमय  
सावन सोमवार को शिवालयों में होगी ‘बोल बम, हर-हर महादेवÓ की गंूज  

अंबिकापुर। सावन मास के दूसरे सोमवार को अंबिकापुर से कैलाश गुफा तक 85 किलोमीटर की पारंपरिक कांवर यात्रा शनिवार को अलसुबह से निकलेगी। इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में कांवरयात्रा के पूर्व भव्य शोभायात्रा भी शुक्रवार को देर शाम निकाली गई, जिसमें भोले भक्त थिरकते रहे।
सरगुजा कांवरिया सेवा संघ के तत्वावधान में पिछले 40 वर्षों से आयोजित हो रही इस पदयात्रा में इस बार भी हजारों शिवभक्त शामिल होंगे। श्रद्धालु शंकरघाट स्थित बांक नदी से जल लेकर पैदल चलकर कैलाश गुफा पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। यात्रा में सरगुजा के अलावा कोरिया, जशपुर, रायगढ़ सहित झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचना होगा। शुक्रवार को दोपहर से ही कांवरियों का अंबिकापुर पहुंचना शुरू हो गया, और वे जरूरत की सामग्री खरीदारी करने में लगे थे। देर रात से शंकरघाट में जल उठाने का सिलसिला प्रारंभ होगा। हजारों श्रद्धालुओं के शंकरघाट में ही रात्रि विश्राम करने की व्यवस्था की गई है।
मार्ग में सेवा की व्यवस्था
यात्रा को लेकर शंकरघाट से बतौली होते हुए कैलाश गुफा तक पूरे मार्ग में जगह-जगह जलपान, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन भी श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहेंगे। प्रशासन ने अधिकारियों की मजिस्ट्रियल ड्यूटी लगाई है, जबकि पुलिस बल पूरे मार्ग में तैनात रहेगा।
बाक्स
खरसिया व रामानुजगंज रोड में 63 घंटे भारी वाहनों का प्रवेश बंद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए सरगुजा पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। डीआईजी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर 7 अगस्त रात 9 बजे से 10 अगस्त दोपहर 12 बजे तक शहर और कांवर यात्रा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध शंकरघाट, रामानुजगंज रोड, बंगाली चौक, भारत माता चौक, खरसिया नाका और अंबिकापुर-बतौली मार्ग सहित प्रमुख रूटों पर प्रभावी रहेगा।
तय किए गए वैकल्पिक मार्ग
पुलिस ने भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। रामानुजगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन ककना मोड़-कल्याणपुर मार्ग से अंबिकापुर आ-जा सकेंगे। इसी मार्ग का उपयोग रामानुजगंज की ओर जाने वाले वाहन चालक कर सकते हैं। बिलासपुर से बनारस जाने वाले वाहन बिलासपुर रोड से आ-जा सकते हैं। मनेन्द्रगढ़ से आने वाले वाहन बिलासपुर रोड और बनारस रोड का उपयोग कर सकते हैं।
इसके बाद होगा सुचारू आवागमन
बिलासपुर, बनारस, सूरजपुर, बलरामपुर जाने वाले भारी वाहन 9 अगस्त को दोपहर 12 बजे के बाद, रायगढ़ रोड के भारी वाहनों का 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे के बाद आना-जाना सुचारू हो पाएगा। पुलिस ने वाहन संचालकों से निर्धारित अवधि में प्रतिबंधित मार्गों पर भारी वाहन नहीं लाने की अपील की है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके। पुलिस का उद्देश्य यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावी बनाना और दुर्घटनाओं से जनहानि रोकना है।

Spread the love