सूरजपुर। सरगुजा संभाग शिक्षा के नवपदस्थ संयुक्त संचालक डॉ. राजेश कुमार सिंह से शालेय शिक्षक संघ, के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष यादवेन्द्र दुबे के नेतृत्व में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सहयोग का विश्वास व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिले के शिक्षकों से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक, सेवा संबंधी एवं शैक्षणिक समस्याओं को विस्तारपूर्वक संयुक्त संचालक के समक्ष रखा। शिक्षकों के लंबित प्रकरणों, विद्यालयों की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।।संयुक्त संचालक डॉ. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि शिक्षक, शिक्षा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर शिक्षकों की समस्याओं के शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उनका कार्यालय सदैव शिक्षक हित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध रहेगा। शालेय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ने संयुक्त संचालक के सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मुलाकात केवल एक औपचारिक भेंट नहीं बल्कि सरगुजा संभाग की शिक्षा व्यवस्था एवं सूरजपुर जिले के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक सकारात्मक और उम्मीद जगाने वाली शुरुआत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संयुक्त संचालक के नेतृत्व में शिक्षकों की लंबित समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होगा तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस पहल देखने को मिलेगी। इस दौरान जिला सचिव गौतम शर्मा, उपाध्यक्ष संतोष भारती, कोषाध्यक्ष राकेश गौतम, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अरूणा कौशिक, प्रवक्ता मनीष राय तथा कमल किशोर पाण्डेय, अंकित कोसरिया एवं संजय मिश्रा सहित संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love