पीजी कॉलेज में एलएलबी की सीटें 240 करने की मांग
फोटो-हिमांशु के मेल में  
अंबिकापुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर के अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता एवं उपाध्यक्ष गौतम गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकारिणी सदस्य, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद, बिलासपुर के अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर शासकीय राजीव गांधी पी.जी. कॉलेज, अंबिकापुर में संचालित एलएलबी पाठ्यक्रम की सीटें पूर्व की भांति 120 से बढ़ाकर 240 किए जाने की मांग की गई।
प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल के मार्गदर्शन में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि, राजीव गांधी पी.जी. कॉलेज सरगुजा संभाग का प्रमुख विधि महाविद्यालय है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एलएलबी में प्रवेश के लिए आवेदन करते हैं। वर्तमान में सीटों की संख्या केवल 120 होने के कारण अनेक योग्य एवं इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह जाते हैं। पहले महाविद्यालय में 240 सीटें स्वीकृत थीं, जिससे अधिक विद्यार्थियों को विधि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता था। सरगुजा संभाग के पांच जिलों में यह प्रमुख लॉ कॉलेज होने के कारण दूर-दराज़ के विद्यार्थियों के लिए अन्य स्थानों पर जाकर अध्ययन करना आर्थिक एवं सामाजिक दृष्टि से कठिन होता है। विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एलएलबी की सीटें 240 करने की आवश्यकता है। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद से छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। इस दौरान मुख्य रूप से संजर नवाज, पृथ्वी नायक, काश्मीर पटेल, अमन, अभिषेक, प्रिंस एवं अन्य साथी उपस्थित रहे।

Spread the love