कलेक्टर ने आयुष्मान योजना में लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा

अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने गुरुवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों अंतर्गत टीकाकरण कार्य की जानकारी ली गई। बैठक में यू-विन (यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन, सार्वभौमिक टीकाकरण) पोर्टल के प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी पात्र गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन किया जाए। प्रत्येक हितग्राही को निर्धारित समयानुसार सभी आवश्यक टीके लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। टीकाकरण कार्य में कम प्रगति पर बतौली, मैनपाट तथा उदयपुर के बीएमओ को नोटिस जारी करने तथा मैनपाट के तीन आरएचओ का वेतन रोकने की करवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को, सिविल सर्जन जे.के. रेलवानी सहित राष्ट्रीय कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम तथा सर्वसंबंधित उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में संचालित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए। इस दौरान जिले में स्वास्थ्य केंद्रों, चिकित्सकों, चिकित्सकीय उपकरणों की उपलब्धता, स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई। कलेक्टर ने नर्सिंग होम के नोडल अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि, नर्सिंग होम के सम्बन्ध में किसी प्रकार की शिकायत ना आए, लापरवाही पर संबंधित पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। आयुष्मान कार्ड निर्माण की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के संबंध में शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई हो, और आयुष्मान योजना में लापरवाही पर संबंधित अस्पताल के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने डॉक्टरों द्वारा प्राइवेट चिकित्सालयों में मरीजों को रेफर करने एवं कारणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा अनावश्यक रेफरल की स्थिति में संबंधित पर कार्रवाई होगी। उन्होंने सीएमएचओ को अनावश्यक रेफरल पर संबंधितों को स्पष्टीकरण जारी करने निर्देशित किया। कलेक्टर ने टी.बी. उन्मूलन के तहत किए जा रहे कार्यों और जांच, पॉजिटिव मरीजों की संख्या, निक्षय निरामय जांच एवं उपचार अभियान के बारे में जानकारी ली तथा कहा कि उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। उन्होंने ग्राम पंचायतों के माध्यम से पोषण आहार वितरण की जानकारी ली तथा कहा कि हर माह के प्रथम सप्ताह में मरीजों की अपडेटेड लिस्ट जनपद पंचायत सीईओ को उपलब्ध कराएं, ताकि पात्रों को समय पर पोषण आहार मिल सके। बैठक में विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा के बीच उन्होंने कहा कि टीकाकरण से वंचित हितग्राहियों की पहचान कर विशेष अभियान चलाकर उन्हें निर्धारित सभी टीके लगाए जाएं।
मैनपाट में हाई रिस्क गर्भवती माताओं के पहचान की गति धीमी
बैठक में कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जानकारी ली। उन्होंने मैनपाट में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के पहचान की गति धीमी होने पर शत-प्रतिशत पहचान के निर्देश दिए। साथ ही सभी बीएमओ को गम्भीरता से कार्य करने कहा। उन्होंने जिले में मातृत्व मृत्यु दर की जानकारी ली तथा गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त पोषण आहार, नियमित जांच, आवश्यक दवाइयों, टीकाकरण आदि सुनिश्चित करने कहा। रात्रिकालीन प्रसव संबंधी मामलों को अनावश्यक रूप से रेफर ना करें, शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विभाग में रिक्त पदों एवं भर्ती प्रक्रिया, जिले में वेक्टर जनित रोगों के प्रभाव की जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न रिक्त पदों की जानकारी ली। स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ बनाने और विभाग को अपने दायित्वों का ईमानदारी के साथ निर्वहन करने कहा।

Spread the love