अंबिकापुर। संकल्प हेल्थ फाउंडेशन एवं संकल्प हॉस्पिटल, अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान अंतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय, घंघरी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता गोयल ने किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, संतुलित पोषण एवं पेरिनियल हाइजीन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने सैनिटरी पैड का समय-समय पर परिवर्तन, साफ एवं सूती अंत:वस्त्रों का उपयोग, पर्याप्त पानी पीने तथा संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सही स्वच्छता एवं पौष्टिक आहार अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव संभव है। प्रयास विद्यालय की छात्राएं नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए डॉ. गोयल ने तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद, योग एवं नियमित अध्ययन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन एवं चिकित्सकीय अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम दौरान छात्राओं ने माहवारी, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. गोयल ने सरल एवं वैज्ञानिक ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ओमप्रकाश साहू ने संकल्प हेल्थ फाउंडेशन एवं संकल्प हॉस्पिटल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने विशेष रूप से डॉ. अंकिता गोयल का धन्यवाद ज्ञापित किया और छात्राओं से कार्यक्रम में दी गई जानकारियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

Spread the love