अंबिकापुर। कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएंं, सरगुजा संभाग द्वारा विभागीय पदोन्नति समिति की 24 जुलाई को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर 1 अप्रैल 2026 की स्थिति दर्शाने वाली जी.एन.एम. प्रशिक्षण, बी.एस.सी. नर्सिंग, पोस्ट बी.एस.सी. नर्सिंग या सिस्टर ट्यूटर पाठ्यक्रम उत्तीर्ण ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला और बहुउद्देशीय कार्यकर्ता महिला से स्टाफ परिचारिका स्टाफ नर्स के पद पर पदोन्नति हेतु संशोधित अंतिम वरिष्ठता सूची, अंतिम चयन सूची और अंतिम प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। संबंधित कर्मचारी इस सूची का अवलोकन संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय के निर्धारित सूचना पटल पर कर सकते हैं। इसके अलावा सरगुजा जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इसे अपलोड कर दिया गया है। संभाग के समस्त जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे उक्त सूची को अपने कार्यालय के सूचना पटल पर अनिवार्य रूप से चस्पा करें।
बाक्स
स्वास्थ्य शिक्षक पदों पर पदोन्नति हेतु अंतिम चयन व प्रतीक्षा सूची जारी
कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवायें, सरगुजा संभाग द्वारा स्वास्थ्य शिक्षक और सेनेटोरियन-कम-हेल्थ एजुकेटर के पद पर पदोन्नति के लिए अंतिम चयन एवं अंतिम प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। यह सूची 1 अप्रैल 2026 की स्थिति के आधार पर एम.पी.एच.डब्ल्यू. पुरुष, वरिष्ठ सेनेटोरियन और फिजियोथेरेपी टेक्नीशियन (डाइंग केडर) के उन कर्मचारियों के लिए जारी की गई है, जिन्होंने संबंधित प्रशिक्षण, 5 वर्ष का सेवा अनुभव और स्नातक की उपाधि पूर्ण कर ली है। 24 जुलाई को आयोजित विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह अंतिम सूची जारी करने का निर्णय लिया गया था। सूची का अवलोकन सरगुजा जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर कर सकते हैं। संभाग के समस्त जिलों के सीएमएचओ को भी निर्देशित किया गया है कि वे उक्त सूची को अपने कार्यालय के सूचना पटल पर अनिवार्य रूप से चस्पा करें।

Spread the love