अंबिकापुर। समभाव महिला मंच द्वारा सत्र 2025-2026 में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 45 छात्र-छात्राओं और राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त 26 छात्र-छात्राओं को सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम होटल पर्पल आर्किड के सभागार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका निगम की महापौर मंजूषा भगत थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एस.पी. त्रिपाठी सहायक उप संचालक, जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केंद्र सरगुजा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बी.के. विद्या मुख्य संचालिका, प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज, वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय संयोजक नवा बिहान नशामुक्ति अभियान, वरिष्ठ पत्रकार अनंगपाल दीक्षित और डॉ. रश्मित कौर सहायक प्राध्यापक राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय उपस्थित थे।
महापौर मंजूषा भगत ने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आपने सरगुजा का नाम रोशन किया है । उन्होंने आयोजन के लिए संयोजिका वन्दना दत्ता के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि मुझे महापौर बनाने में समभाव महिला मंच का बड़ा योगदान रहा है। एस.पी. त्रिपाठी ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए निरंतर मेहनत जरूरी है। बी.के. विद्या दीदी ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ मानवीय मूल्यों के प्रति भी संवेदनशील होना चाहिए। अनंगपाल दीक्षित ने सुझाव दिया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन के समीप रह गए छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित करना चाहिए, ताकि वे प्रोत्साहित हों। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। रामपुर स्कूल की छात्रा ने पंडवानी प्रस्तुति देकर शमा बांध दिया। कार्यक्रम का संचालन हिना परवीन और तनु श्री मिश्रा ने और आभार प्रदर्शन डॉ. शबनम खानम ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वहीदा अहमद, अतिशी भट्टाचार्य, नेहा वर्मा सहित आयोजन समिति की सभी सदस्यों का सहयोग रहा।
समभाव महिला मंच की सेवाएं
संयोजिका वन्दना दत्ता ने बताया कि समभाव महिला मंच से 150 गृहणी बहनें जुड़ी हैं। मंच रोजा इफ्तार, अन्नपूर्णा समूह के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन और सेवा किटी समूह का संचालन करता है। कोरोना काल में भी मंच ने जरूरतमंदों की मदद की थी।

Spread the love