अंबिकापुर। शहर के नमनाकला, राजमोहनी वार्ड क्रमांक 12 निवासी एक विवाहिता ने पति और ससुराल वालों पर दहेज की मांग, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। मनेंद्रगढ़ थाना में दर्ज नम्बरी रिपोर्ट पर गांधीनगर, अंबिकापुर थाना पुलिस ने विवेचना के बाद पति के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, एमसीबी जिला के थाना मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम डगौरा, कठौतिया निवासी लक्ष्मी ठाकुर 29 वर्ष का विवाह 03 मई 2022 को अजय कुमार ठाकुर, निवासी संत हरकेवल स्कूल के पास नमनाकला, अंबिकापुर से हिन्दू रीति-रिवाज से ग्राम खड़गवां में हुआ था। शिकायत में बताया गया कि तिलक में 25 हजार नकद, कपड़ा, जेवरात और अन्य सामान देकर विदा करने के बाद 6 महीने तक सबकुछ ठीक रहा। इसके बाद पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करने लगा। गला दबाकर जान से मारने की धमकी भी देता था। 27 जून 2023 को इन्हें पुत्री रत्न की प्राप्ति हुई, इसके बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि ससुर राम कुमार भी उसे गाली देते थे और बिना बाप की लड़की है, कहते हुये मारपीट करने के लिये प्रेरित करते थे। सास, ननद भी उसे ही दोषी ठहराते आ रहे थे। लक्ष्मी के अनुसार 6 जून की रात सास-ससुर घर पर नहीं थे। इसी दौरान पति ने उससे मायके की जमीन या उसे बेचकर 50 हजार रुपये की मांग की। मना करने पर गाली देकर बेरहमी से मारपीट किया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने लगा। इस दौरान घर में मौजूद भतीजे और भांजे ने बीच-बचाव किया, जिससे उसकी जान बच गई। अगले दिन 7 जून को पति ने उसे घर से निकाल दिया। ससुर ने भी कहा दुबारा 50 हजार लेकर आना, नहीं तो मत आना।
मारपीट में विवाहिता का हाथ भी टूट गया था। ऑनलाइन शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद विवाहिता ने गांधीनगर अंबिकापुर थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Spread the love