पोस्टमार्टम के समय नदारद रहे पति सहित अन्य, 50 मीटर के फासले पर मायका-ससुराल
मासूम बच्ची के सिर से मां का साया हटा, घटना से स्वजन शोक में, कहा-न्याय चाहिये

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुनिया में 23 वर्षीय विवाहिता मिनी यादव उर्फ पूजा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर झूल गई। ससुराल पक्ष जहां इसे फांसी लगाकर खुदकुशी करना बता रहा है, वहीं मायके पक्ष के लोगों ने दहेज में कार की मांग को लेकर आये दिन मारपीट करने और हत्या के बाद फांसी का रूप देने का आरोप लगाया है। नवविवाहिता की एक दुधमुंही बच्ची है, जिसके सिर से मां का साया हट गया है। घटना के बाद नर्मदापुर स्वास्थ्य केंद्र में दोनों पक्षों में तनाव, मारपीट की स्थिति निर्मित हो गई थी, और पुलिस को मध्यस्थता करनी पड़ी। फारेंसिक जांच कार्रवाई के बाद लग रहे आरोप-प्रत्यारोपों को देखते हुये पुलिस ने मृतिका के शव को मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान ससुराल पक्ष से पति सहित अन्य सदस्य नदारद रहे।
जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई की रात करीब 8 बजे मिनी पति अनुज यादव अपने ससुराल घर के परछी में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस को ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया है कि, घटना के समय घर में उसके सास-ससुर सहित अन्य परिवार के सदस्य थे, पति नहीं था। घटना के पहले मिनी रसोई में पकौड़ा बना रही थी, फिर उसका पता नहीं चला। जब वे खोजबीन में जुटे तो वह घर के परछी में फांसी पर लटके दिखाई दी। ससुराल पक्ष के लोग फांसी का फंदा काटकर उसे गांव के लोग के सहयोग से आनन-फानन में नर्मदापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष के द्वारा हत्या का आरोप लगाने और चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम की मांग पर मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिये मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर लाया गया। रविवार को पोस्टमार्टम पूर्व की प्रक्रिया में देर होने के कारण सोमवार को डॉक्टरों की टीम और मायके पक्ष की मौजूदगी में मृतिका के शव का पोस्टमार्टम हुआ। इसके पहले न्यायिक अधिकारी की उपस्थिति में मृतिका के शव की पंचनामा प्रक्रिया पूरी की गई थी। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मृतिका के स्वजन के सुपुर्द कर दिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।
मायका 50 मीटर पर, नहीं दी खबर
मृतिका के मायके पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना उन्हें नहीं दी गई, जबकि उनकी बेटी के ससुराल और मायके की दूरी महज 50 मीटर है। बेटी के फांसी लगा लेने की खबर मिलने पर मायके पक्ष से पिता संजय यादव व मृतिका के भाई सहित अन्य स्वजन जब अस्पताल पहुंचे, तो मिनी की मौत का पता चला। घटनास्थल की स्थिति को देखने के बाद इन्होंने मृत्यु को लेकर संदेह जताया है। इनका कहना है कि दुधमुंही बच्ची को हमेशा सीने से लगाकर रखने वाली उनकी बेटी खुदकुशी जैसा कदम नहीं उठा सकती है।
कार के लिये बना रहे थे दबाव

Spread the love