बलरामपुर। वन संपदा की सुरक्षा के लिए बलरामपुर वन मंडल के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वन मंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी के निर्देशन एवं रामानुजगंज वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो के नेतृत्व में गुरुवार को तड़के वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर परिवहन में लगी भारी मात्रा में लकड़ी से लदे ट्रक को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह लगभग 5 बजे कन्हर बेरियर रामानुजगंज में नियमित जांच के दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 15 ईडी 9966 को रोका गया। दस्तावेजों की जांच में गंभीर अनियमितता सामने आने पर ट्रक की तलाशी ली गई। जांच में गम्हार, जामुन एवं नीलगिरी प्रजाति की कुल 89 नग लकड़ियां (22.074 घन मीटर) फर्जी दस्तावेजों के सहारे परिवहन करते पाई गईं। वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो ने बताया कि मामले में अपराध क्रमांक 2197/2/09 दर्ज कर लकड़ी से लदे ट्रक को जब्त करते हुए चोरपहरी डिपो में सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक अनूपपुर से बिहार की ओर जाना पाया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। दस्तावेजों की सत्यता सहित परिवहन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कार्रवाई में वनपाल दयाशंकर, विजय बर्मन, सूसना भगत, राजनाथ, पिंटू मालाकार, मंगल राम, निखिल सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रभावी कार्रवाई की सराहना
वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. दिलरुबा बानो के नेतृत्व में की गई इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। लगातार सख्ती और सतर्कता के चलते वन विभाग अवैध लकड़ी परिवहन तथा वन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफल हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Spread the love