हाथ-पैर पकड़ कर सास-ससुर मारने के लिये उकसाते रहे पुत्र को

अंबिकापुर। महतारी वंदन योजना के तहत खाते में आये रुपये नहीं देने पर महिला के साथ पति के द्वारा मारपीट और सास-ससुर के द्वारा सहयोग करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना अंतर्गत नवापाराकला की सबाना ताज पति मोहम्मद इलियास 26 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि उसका पति राजमिस्त्री का काम करता है। घर चलाने के लिये रुपये मांगने पर नहीं देता है और गाली-गलौज करके जान से मारने की धमकी देता है। 6 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे घरेलू बात को लेकर उसका पति डण्डे से मारपीट किया। इसके बाद अगले दिन 7 जुलाई को सुबह करीब 8-9 बजे शासन की ओर से मिलने वाले महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपये को पूरा निकाल कर देने के लिये दबाव बनाने लगा और रुपये नहीं देने पर साथ में नहीं रखने की बात कहकर पुन: गाली-गलौज करते हुये डण्डे से मारपीट करने लगा। इस दौरान ससुर कलीमुद्दीन और सास मौसिबन बीबी उसका हाथ-पैर पकड़कर रखे थे और उसके पति को मारने-पीटने के लिये प्रेरित कर रहे थे। इसकी जानकारी वह फोन करके अपनी मां सईमा खातून एवं चाचा मुस्तफा को दी, इसके बाद दोनों उसके ससुराल पहुंचे और अपने साथ मोटरसायकिल से लेकर दतिमा चले गये। विवाहिता ने परिवार में परामर्श के बाद घटना की रिपोर्ट 8 जुलाई को थाना प्रेमनगर में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love