शंकरगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम बचवार में घर में घुसकर मारपीट और दुकान का सामान क्षतिग्रस्त करके महिला सदस्य के गले से मंगलसूत्र छीनकर ले जाने व काउंटर से डेढ़ लाख रुपये गायब कर देने की शिकायत व्यवसायी ने पुलिस से की है। मामले में पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य के विरूद्ध बलवा सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के शंकरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम बचवार निवासी मिथलेश कुमार गुप्ता 37 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि, 5 जुलाई रविवार को देर शाम करीब 8.41 बजे उसके पिता सत्यनारायण प्रसाद गुप्ता ने फोन पर जानकारी दी कि उसके भाई अखिलेश को आशीष यादव फोन में धमकी भरे लहजे में तुम्हारे घर के पास आ रहा हूं, कहते हुये बाहर निकलने के लिये कह रहा है। जब वह घर के पास आया तो आशीष यादव, अभिषेक यादव सहित अन्य लोग घर के अंदर घुसे थे और उसके पिता सत्यनारायण प्रसाद गुप्ता और मां सारो गुप्ता भी घर के अंदर मौजूद थे। सारो गुप्ता जमीन में गिरी हुई थी। आशीष यादव सहित अन्य लोग उसके भाई अखिलेश कुमार गुप्ता को घर में घुसकर खोज रहे थे। इसकी जानकारी वह राकेश कुमार गुप्ता को फोन करके दिया। घर के अंदर जाने पर आशीष यादव, अभिषेक यादव, रूपेश यादव, बृजेश यादव सहित अन्य लोग गाली-गलौज करते हुये हाथ, मुक्का और लात से मारपीट करने लगे। राकेश कुमार गुप्ता आया तो उसको भी सभी मारने लगे। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आई है। आरोपियों ने इस दौरान दुकान का काफी सामान गिरा दिया और फेंक दिया। आरोप है कि, घटना के बाद आरोपी वृद्ध महिला सारो गुप्त का मंगलसूत्र छीनकर भाग गये। घर के अंदर काउंटर टूटा हुआ था और उसमें रखा 01 लाख 50 हजार रुपये भी नहीं था। मिथलेश कुमार गुप्ता की लिखित शिकायत पर शंकरगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 296, 304(2), 331(2), 332(ब), 351(2) का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love