डॉक्टर ने बताया करैत डसा है, दो अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चियों की मौत

अंबिकापुर। सर्पदंश के दो मामलों में 2 वर्षीय मासूम सहित दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिला के पुलिस चैकी तातापानी अंतर्गत ग्राम सारंगपुर निवासी जाहुद अंसारी की दो वर्षीय पुत्री जैनब खातून 5 जुलाई को घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उसे जहरीला सांप काट लिया, जिससे परिवार के सदस्य अनभिज्ञ थे। जाहुद अंसारी ग्राम जामवंतपुर से काम करके शाम करीब 6 बजे घर वापस लौटा तो उसकी बेटी जैनब दाहिने हाथ को झटकारकर रो रही थी और उसका पंजा काला पड़ गया था, हाथ में सूजन था, और मुह से झाग निकल रहा था। बच्ची को उल्टी करते देखकर वह तत्काल बच्ची को बलरामपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। चिकित्सक ने जांच के बाद बच्ची को करैत सांप के काटने की जानकारी दी और प्राथमिक चिकित्सा के बाद रिफर कर दिया। स्वजन उसे संजीवनी 108 एक्सप्रेस से मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना में अंबिकापुर के गांधीनगर थाना अंतर्गत ग्राम डिगमा, सरगवां निवासी निवारण हाजरा की 9 वर्षीय पुत्री नियति हाजरा को जहरीले सांप ने डस लिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोरिया जिला के बैकुंठपुर, चरचा माइंस में काम करने वाले मृतिका के पिता ने पुलिस को बताया है कि, करीब चार माह पूर्व उसकी पत्नि और बच्चे गृहग्राम सरगवां आये थे। 4 जुलाई को वह अपने कार्यस्थल से छुट्टी लेकर घर आया, तो उसके परिवार के सदस्य नहीं थे। फोन लगाकर वह परिवार के सदस्यों से संपर्क किया तो पता चला कि बेटी नियति हाजरा को सांप काट लिया है, उसको होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराये हैं। इसकी जानकारी मिलने पर वह अस्पताल पहुंचा, तो उसकी पुत्री बेहोशी की हालत में थी और उसका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान 5 जुलाई को दोपहर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।  

Spread the love