शिक्षा विभाग की बैठक में विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत समीक्षा
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को सर्व बीईओ, एबीईओ, प्राचार्य एवं संकुल प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल उमावि, सेजेस, पीएमश्री, सर्व विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, संकुल स्त्रोत समन्वयक, अधीक्षिका कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, प्रधान पाठक पीएमश्री, इग्नाईट विद्यालय की विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु बैठक शासकीय बहु उ.मा. विद्यालय के सभाकक्ष में हुई। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा एवं विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस दौरान संलग्न कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त करते हुये कार्यालय में जानकारी प्रस्तुत करने हेतु विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अपार आईडी निर्माण के प्रगति की जानकारी ली गई जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर सुधार एवं नया आधार बनाने की जानकारी नोडल अधिकारियों को कार्यालय को प्रस्तुत करने कहा गया। इन्हें निजी स्कूलों की मान्यता एवं फीस संबंधी शासन के द्वारा जारी किये गये अधिनियम की विस्तृत जानकारी रखने एवं उसका कड़ाई से पालन कराने की हिदायत दी गई। समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि व्हीएसके एप अंतर्गत शिक्षकों एवं कर्मचारियों का पंजीयन पूर्ण करें। इसमें प्रतिदिन उपस्थिति के आधार पर ही वेतन भुगतान किया जाएगा।
बैठक में भवन विहीन एवं जर्जर विद्यालय, एकल शिक्षकीय व शिक्षक विहीन विद्यालयों में अतिशेष शिक्षकों को समायोजित करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गणवेश, पाठ्य पुस्तकों के वितरण की जानकारी ली गई तथा समस्त अधिकारियों एवं सीएसी को शत-प्रतिशत वितरण कार्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया। सायकलों को एसेंबल करके सुव्यवस्थित ढंग से वितरण करने और कोई भी सायकल खुले में नहीं रखने कहा गया, जिससे जंग लगने एवं खराब होने की स्थिति बने। लंबे समय से अनुपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध तत्काल विभागीय जांच की कार्रवाई पूर्ण कर बर्खास्तगी की कार्रवाई करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने निर्देशित किया गया। ऐसे विद्यालय जहां दर्ज संख्या 50 से अधिक हैं इन विद्यालयों में अनिवार्य रूप से एलपीजी का उपयोग शत-प्रतिशत करने निर्देशित किया गया।  
सुशासन तिहार के आवेदनों का तत्काल निराकरण करने हेतु विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया। पेयजल विहीन विद्यालयों की जानकारी कार्यालयीन शाखा प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। कस्तूरबा गांधी एवं नई दिशा घुमन्तु आवासीय विद्यालय के संचालन की स्थिति की जानकारी ली गई, अधीक्षिकाओं को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालय में ही रहें, किसी भी प्रकार से बाहरी असामाजिक तत्व प्रवेश न करें। कस्तूरबा में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता एवं रिक्त पद की जानकारी ली गई। यदि किसी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं तो तत्काल इसकी सूचना कार्यालय में देने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि अध्यापन व्यवस्था में कोई व्यवधान न हो। साथ ही विद्यालय के परीक्षाफल 2025-26 की जानकारी चाही गई। पीएमश्री विद्यालयों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। विद्यालयों में लाइब्रेरी/मुस्कान पुस्तकालयों के संचालन की स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु कार्ययोजना पर जोर
बैठक में शाला प्रवेश उत्सव 2026-27 के सफल आयोजन के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये। शिक्षा का अधिकार अधिनियम अंतर्गत प्रवेशित बच्चों के ड्रॉप आउट होने के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान कक्षा पहली, 6 वीं, 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश, समस्त विद्यालयों में शासन के निर्देशानुसार प्रार्थना सभा के संचालन पर चर्चा करके इसका कड़ाई से पालन करने कहा गया। एससीईआरटी से प्राप्त वार्षिक कैलेण्डर के क्रियान्वयन, सभी विद्यालयों में न्यूज डेस्क का संचालन करने, मध्यान्ह भोजन संचालन, प्रतिमाह यूनिट टेस्ट, तिमाही, छमाही परीक्षा के आयोजन एवं वार्षिक परीक्षा की तैयारी, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु कार्य योजना की जानकारी ली गई।
शिक्षकों के रिक्त पद, अनुकंपा/पेंशन प्रकरणों पर चर्चा
अनुकंपा एवं पेंशन प्रकरणों के संबंध में चर्चा दौरान सर्व विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से संबंधित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करते हुये कार्यालय में जानकारी प्रस्तुत करें। संचालनालय समग्र शिक्षा से स्वीकृत निर्माण कार्यों के प्रगति की जानकारी ली गई। छात्रवृत्ति पंजीयन 2026 पर चर्चा की गई, नोडल अधिकारी ने अवगत कराया कि 3171 प्रकरण कार्यालय को प्राप्त नहीं होने के कारण लंबित हैं। इस पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल चेक करने एवं निराकरण कराने हेतु निर्देशित किया गया। स्तरवार शिक्षकों के रिक्त पद पर चर्चा की गई तथा अतिथि शिक्षक, व्याख्याता की व्यवस्था हेतु जानकारी दी गई। सेजेस विद्यालयों के गतिविधियों एवं रिक्त पदों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
शाला त्यागी बच्चों का चिन्हांकन करके प्रवेश करायें
समावेशी शिक्षा अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को उपकरण एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की गई। बालवाड़ी संचालन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की प्रगति की जानकारी ली गई। शाला त्यागी बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ने पर विस्तृत चर्चा की गई तथा शाला त्यागी बच्चों का चिन्हांकन कर तत्काल प्रवेश कराये जाने हेतु सीएसी को निर्देशित किया गया। पीव्हीटीजी छात्र-छात्राओं के शिक्षा की निरंतरता पर चर्चा की गई तथा पीव्हीटीजी के बच्चों को प्राथमिकता से विद्यालयों में प्रवेश कराने एवं अध्यापन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया।

Spread the love