अंबिकापुर। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, अंबिकापुर मुख्यालय परिसर में सोमवार को सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ बैंक के अध्यक्ष राम किशुन सिंह ने सहकारी ध्वज का ध्वजारोहण करके किया। भारत सरकार के निर्देशानुसार 29 जून से 6 जुलाई तक आयोजित होने वाले सहकारिता सप्ताह के दौरान जिलेभर में किसानों को आधुनिक तकनीक एवं सहकारिता से जोड़ने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीकान्त चन्द्राकर ने उपविधि का वाचन किया। इस अवसर पर उप पंजीयक एवं उप आयुक्त एस.के. पैकरा, विपणन अधिकारी बी.के.पी. सिंह, लेखापाल आनंद सिंह, फील्ड अधिकारी राजेश सिंह, सरगुजा नोडल कमलनयन पाण्डेय सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत जिले की प्रत्येक पैक्स में ध्वजारोहण एवं उपविधि का वाचन किया गया। सप्ताहभर वृक्षारोपण, सहकारिता विकास विषयक गोष्ठियां, व्याख्यानमाला, सहकार संकल्प दौड़, मृदा स्वास्थ्य परीक्षण तथा सहकारिता जागरूकता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक के छिड़काव का प्रदर्शन, माइक्रो एटीएम के उपयोग की जानकारी, नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) एवं रूपे कार्ड का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य किसानों को तकनीक, डिजिटल बैंकिंग और सहकारिता की योजनाओं से जोड़कर उन्हें अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है।

Spread the love