अंबिकापुर। आदिम जाति विकास विभाग, अंबिकापुर द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती एवं हुल क्रांति दिवस के अवसर पर 30 जून एवं 1 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा होंगी। कार्यक्रम के प्रथम दिवस 30 जून को अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में भगवान बिरसा मुण्डा तथा सिद्धू-कान्हू के जीवन, संघर्ष और आदिवासी समाज के उत्थान में उनके अमूल्य योगदान पर विचार-विमर्श, व्याख्यान एवं संवाद का आयोजन किया जाएगा। द्वितीय दिवस 1 जुलाई को प्रात: 11 से 12 बजे तक सर्किट हाउस में मुख्य अतिथि डॉ. आशा लकड़ा जनजातीय समुदाय के प्रमुखों एवं प्रतिनिधियों के साथ उनकी समस्याओं, चुनौतियों तथा विभिन्न समसामयिक विषयों पर संवाद एवं चर्चा करेंगी। इस दो दिवसीय आयोजन का उद्देश्य भगवान बिरसा मुण्डा तथा सिद्धू-कान्हू के आदर्शों एवं बलिदान को जन-जन तक पहुंचाना, जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सार्थक संवाद स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी पहल को प्रोत्साहित करना है। आदिम जाति विकास विभाग ने जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के प्रबुद्धजनों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है।

Spread the love