अंबिकापुर। मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के तत्वावधान में मोहर्रम की 8वीं, 9वीं और 10वीं मोहर्रम का जुलूस शहर में पूरी शांति, सौहार्द्र और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। जुलूसों को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन का सहयोग, मार्गदर्शन और व्यवस्थागत समर्थन मिला, इसके लिए मोहर्रम इंतजामिया कमेटी ने उनका शुक्रिया अदा किया है। साथ ही नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार जताया, जिन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाते हुए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं। उन सभी अलमदारों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने कमेटी की अपील और आपसी सहयोग की भावना को ध्यान में रखते हुए अपने अलम का आकार सीमित रखा और व्यवस्था बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। शहर की तमाम कमेटियों और जिम्मेदारों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी बहुमूल्य राय, सहयोग और मार्गदर्शन से आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। साथ ही अंबिकापुर की अमन पसंद और शांतिप्रिय जनता का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने आपसी भाईचारे और सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए सहयोग किया। जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा के लिये मोहर्रम इंतजामिया कमेटी ने खेद व्यक्त किया है। इस दौरान मोहर्रम कमेटी के संयोजक मो. हसन खान, इरशाद खान अध्यक्ष, मंजुल खान, सद्दाम खान, फैज़ान अहमद सक्रिय रहे।

Spread the love