अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में लोक सेवा केन्द्रों का उन्नयन सेवा सेतु केन्द्र के रूप में किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत अब आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन संबंधी राजपत्र अधिसूचना तथा भू-नकल सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वर्तमान में जिले के सभी 16 तहसील कार्यालयों में सेवा सेतु केन्द्र संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त अंबिकापुर, लखनपुर एवं सीतापुर के शहरी क्षेत्रों में लगभग 50 सेवा सेतु केन्द्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में अटल डिजिटल सुविधा केन्द्रों को सेवा सेतु केन्द्रों की सेवाओं के संचालन से जोड़ने की प्रक्रिया जिला स्तर पर की जा रही है। इससे दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। सेवा सेतु के माध्यम से शासन की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नागरिकों तक सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंच रहा है। सभी सेवाओं के लिए निर्धारित समय-सीमा तय की गई है, जिससे आम नागरिकों को तय अवधि के भीतर सेवाओं का लाभ मिल रहा है। एक ही प्लेटफॉर्म पर सेवाओं के संचालन से अलग-अलग विभागों और पोर्टलों पर निर्भरता कम हुई है। एक ही स्थान पर सेवाओं की उपलब्धता से समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की बचत हो रही है। इससे सेवाओं की पहुंच बढ़ने के साथ प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक सरल, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनी है।

Spread the love