अंबिकापुर। शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, अंबिकापुर में संचालित मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एम.बी.ए.) पाठ्यक्रम में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 30 सीटों का आबंटन एआईसीटीई नई दिल्ली के द्वारा किया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राम नारायण खरे ने सरगुजा संभाग एवं आसपास के जिलों के विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में संचालित एमबीए पाठ्यक्रम समूचे सरगुजा संभाग में एकमात्र एआईसीटीई नई दिल्ली द्वारा मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम है ।
प्रवेश नियमों के अंतर्गत एम.बी.ए. पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं के आधार पर प्रावीण्य सूची तैयार की जाती है। इन परीक्षाओं में सम्मिलित अभ्यर्थी तकनीकी शिक्षा संचालनालय (डीटीई), छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से महाविद्यालय में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। एम.बी.ए. पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक अथवा पांच वर्षीय एकीकृत डिग्री उत्तीर्ण होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत तथा अन्य वर्ग के छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। जिन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रबंधन परीक्षाओं में भाग लिया है, वे प्रवेश संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए शीघ्र महाविद्यालय से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने अभी तक इनमें से किसी भी प्रवेश परीक्षा में भाग नहीं लिया है, वे भी महाविद्यालय से संपर्क कर उपलब्ध प्रवेश अवसरों, रिक्त सीटों तथा आगामी प्रवेश संभावनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। महाविद्यालय में अनुभवी शिक्षक, आधुनिक प्रयोगशालाएँ, समृद्ध पुस्तकालय, व्यक्तित्व विकास गतिविधियां तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षण वातावरण उपलब्ध है।

Spread the love