अंबिकापुर। आम और कटहल तोड़ने के चक्कर में पेड़ से गिरे बालक और वृद्ध की मौत हो गई। दोनों मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निम्हा निवासी नन्दलाल पैकरा का 11 वर्षीय पुत्र विमलेश पैकरा 27 मई को देव स्थल से नीचे स्थित आम तोड़ने के लिए ईश्वर के साथ गया था। पेड़ में चढ़कर आम तोड़ते समय विमलेश अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थी। इसकी सूचना मिलने पर स्वजन उसे लखनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तो पता चला कि बालक का बांया हाथ और पैर टूट गया है। यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर स्वजन उसे एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना में कटहल तोड़ते समय गांधीनगर थाना क्षेत्र के गिधाबहरी, चिखलाडीह का मोहित पिता स्व. प्रेमसाय 60 वर्ष, 27 मई को कटहल तोड़ते समय पेड़ से नीचे गिर गया, जिसमें उसे काफी चोटें आई थी और नाक से खून निकल रहा था। कुछ गिरने की आवाज सुनकर परिवार का ही ऋषि राम सांडिल्य बाहर निकला तो मोहित बेसुध हाल में कटहल के पेड़ के पास गिरा हुआ था और कराह रहा था। ऋषि ही आवाज लगाकर परिवार के लोगों को बुलाया और उसे संजीवनी 108 एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों मामले में पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Spread the love