पहले किया समझौता, फिर वाहन बनवाने से किया इन्कार, केस दर्ज

अंबिकापुर। घर के बाहर खड़ी क्रेटा वाहन को एक अन्य वाहन का चालक ठोकर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। दोषी वाहन के स्वामी द्वारा कार बनवा देने के लिए आश्वस्त किया गया था, लेकिन वह टालमटोल करते रहा। रिपोर्ट पर पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गांधीनगर थाना क्षेत्र में नमनाकला पॉवर हाउस के नीचे तिवारी गली में मनीष कुमार शर्मा रहते हैं, जो रॉक फिल्ड माइनिंग साल्युशन कंपनी में सेल्स प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। इन्हें कंपनी ने हुंडई क्रेटा वाहन क्रमांक सीजी 10 एक्यू 2255 चालक सहित उपलब्ध कराया है, जिसका वे कंपनी के काम में उपयोग करते हैं। 13 मई को रात्रि करीब 11 बजे चालक कमलेश केदार कार को मनीष कुमार शर्मा के घर के सामने खड़ा करके लॉक कर दिया था, और चाबी देकर चले गया था। 14 मई को सुबह 10 बजे जब मनीष अपने घर से बाहर निकले तो कार का सामने का हेड लाइट, साइड फेन्डर, बम्फर, फोग लाइट टूटा हुआ था। जब उन्होंने अपने घर में लगे सीसीटीव्ही कैमरा को चेक किया तो 14 मई को सुबह 8 से 8.30 बजे के बीच होण्डा डब्ल्यूआरव्ही क्रमांक सीजी 15 डीआर 1274 के चालक द्वारा लापरवाही पूर्वक वाहन पीछे करते समय कार को ठोकर मारकर एक्सीडेंट करने का पता चला, जिसमें कार का सामने का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसमें लगभग 30 रुपये की क्षति पहुंची है। दुर्घटनाकारित वाहन के चालक का नाम सामने आने के बाद जब उन्होंने उससे संपर्क किया, तो उसने स्वयं के झारखण्ड में होने की जानकारी दी और अंबिकापुर आने के बाद गाड़ी बनवा देने के लिए आश्वस्त किया था। आपसी समझौता के बाद वह गाड़ी बनवाने से इन्कार कर दिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Spread the love