अंबिकापुर। खाना खाने के बाद पत्तल फेंकने जा रही सैलानी महिला को अज्ञात वाहन का चालक ठोकर मारकर भाग गया। घटना अंबिकापुर-लखनपुर में नेशनल हाईवे से लगे ग्राम मेंड्राकला की है। सैलानी बस में सवार होकर छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिला से मैनपाट घूमने के लिए आए थे।
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार जिला के भाटापारा से बस में सवार होकर करीब 30-35 सैलानी सरगुजा जिला के मैनपाट में घूमने के लिए परिवार के साथ आए थे। 21 मई को मैनपाट सहित सरगुजा संभाग मुख्यालय के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर सहित अन्य स्थलों का भ्रमण करने के बाद सभी वापस गृहग्राम जाने के लिए रवाना हुए थे। अंबिकापुर-लखनपुर मार्ग में नेशनल हाईवे से लगे ग्राम मेंड्राकला में पेट्रोल पम्प के पास खुला जगह देखकर खेतनुमा स्थल पर सभी सैलानी खाना बनाये। खाना खाने के बाद भाटापारा के ग्राम तुरमा निवासी महिला देवकी बाई पाल पति विशंभर पाल गंदगी न रहे, इसे देखते हुए पत्तल लेकर सड़क पार करके फेंकने जा रही थी, इसी दौरान अज्ञात चार पहिया वाहन का चालक टक्कर मारकर भाग गया। इसके बाद सैलानियों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गई। महिला को बेहोशी की हालत में सैलानी निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घटना से सैलानियों में शोक का माहौल है। स्थानीय पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। वहीं पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन के तलाश में लगी है।

Spread the love