अंबिकापुर। पांच वर्षीय बच्ची खेलते-खेलते पानी से भरे टंकी में डूब गई। स्वजन उसे टंकी से निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां से रेफर करने पर स्वजन बच्ची को लेकर अंबिकापुर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक, लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम उदारी निवासी रामदेव कंवर खेती किसानी के लिए ग्राम धरमपुर में जमीन लीज पर लिया है, और वहीं अपने परिवार के साथ रहता है। फसल में पानी पटाने के लिए रामदेव घर और खेत से लगे भूमि पर करीब 10 फिट गड्ढा खोदकर टंकी बनाया था। बुधवार को परिवार के सभी सदस्य अपने काम में लगे थे, इसी बीच 5 वर्षीय बच्ची रागिनी सुबह करीब 10.30 बजे खेलते-खेलते पानी भरे गड्ढे में गिर गई। बच्ची जब घर में और आसपास नजर नहीं आई तो स्वजन उसे खोजते पानी से भरे टंकी के पास पहुंचे, तो बच्ची पानी के अंदर पड़ी थी। आननफानन में वे उसे टंकी से निकालकर धरमपुर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। यहां से आवश्यक उपचार के बाद चिकित्सक ने बच्ची को रेफर कर दिया था। बच्ची को लेकर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के आपातकालीन चिकित्सा परिसर में पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Spread the love