अंबिकापुर। मामूली विवाद में तलवार लहराते मारपीट करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार को जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, महामाया पेट्रोल पम्प के पीछे खटिकपारा नमनाकला निवासी अंजनी सारथी पति तहसील सारथी ने बीते 13 मार्च को मोहल्ले के लेदरी के द्वारा मामूली विवाद पर अपने साथी गोपी एवं गोलू के साथ तलवार के हत्थे से वार करने की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई थी, जिस पर पुलिस ने धारा 299, 351(2), 115(2), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट का मामला पंजीबद्ध किया था। तीनों आरोपी घटना के बाद से फरार थे, जिनके तलाश में पुलिस लगी थी। मुखबिर से मिली सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, और आरोपी सूर्या सोनवानी उर्फ लेदरी पिता घाना सोनवानी 19 वर्ष निवासी झंझटपारा नमनाकला, गोपी चौधरी पिता शिवबली चौधरी 27 वर्ष निवासी नमनाकला खटिकपारा व रवि गुप्ता उर्फ गोलू पिता नन्दकिशोर गुप्ता 24 वर्ष निवासी नमनाकला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने तलवार के हत्थे से हमला करके भयादोहन करना स्वीकार किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक के.के. यादव, प्रधान आरक्षक रजनीकांत मिश्रा, सियाराम मरावी, सतीश सिंह, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, लालभुवन सिंह, अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Spread the love