अंबिकापुर। मोटरसायकल से घर जा रहे ग्रामीण के गर्दन पर पीछे से दौड़कर पहुंचे एक व्यक्ति ने टांगी से वार कर दिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में स्थानीय पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है, वहीं रघुनाथनगर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिला के रघुनाथनगर थाना अंतर्गत ग्राम बगईनार का रामप्रसाद टेकाम पिता रामकिशुन टेकाम 48 वर्ष सब्जी का कारोबार करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। 13 मई को वह जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गया था और कुछ सब्जी बाजार के पास रामकुमार के यहां रखा था, जिसे लेने के लिये मोटरसायकल से गया था। रामकुमार के घर से सब्जी लेकर मोटरसायकल से रात करीब 9 बजे वह अपने घर की तरफ जाने के लिए बढ़ा ही था, 10 मीटर के फासले पर रामकुमार के घर के किनारे से अचानक बन्धु सिंह गोड़ पिता रामशरण गोड़ निवासी जनकपुर बाजारपारा अपने हाथ में टांगी लेकर दौड़ते हुये आया और रामप्रसाद सिंह के गर्दन में पीछे से टांगी से वार कर दिया। अचानक धारदार टांगी से किए गए हमले में रामप्रसाद को बचाव का मौका नहीं मिला और मुख्य मार्ग में ही वह लहूलुहान हालत में गिर गया। घटनास्थल पर मौजूद मनोज व त्रिभुवन पनिका, राजकुमार जायसवाल से घटना की सूचना मिलने पर अलग मकान में रहने वाला भाई रामवृक्ष घटनास्थल में पहुंचा तो रामप्रसाद खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था, जिसे शासकीय अस्पताल रघुनाथनगर लेकर गये। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद रिफर करने पर स्वजन उसे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला चिकित्सालय अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान 14 मई को सुबह करीब 06 बजे वह दम तोड़ दिया। स्थानीय पुलिस ने रघुनाथनगर पुलिस थाना को इसकी सूचना दी है, जिस पर आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 (1) का मामला दर्ज कर लिया है।

Spread the love