पीपल के पेड़ की छांव में चबूतरे में बैठकर बेच रहा था गुड़
अंबिकापुर। आंधी-तूफान के बीच गिरे पीपल के पेड़ के डंगाल ने ग्रामीण की जान ले ली। घटना लखनपुर की है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिला के दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम खजुरी कोलतापारा निवासी मिनकेतन प्रधान पिता स्व. गनसो प्रधान 62 वर्ष, 13 मई को दोपहर करीब एक बजे ग्राम रजपुरी से गुड़ लेकर लखनपुर के साप्ताहिक बाजार में बेचने के लिये आया था, और अपरान्ह करीब 3 बजे लखनपुर में सेंट्रल बैंक के बगल में स्थित पीपल पेड़ के चबूतरा में गुड़ बेचने के लिए बैठा था, इसी बीच अचानक तेज आंधी चलने लगी और हवा के झोंके में पीपल के पेड़ से बड़ा डंगाल टूटकर ग्रामीण के ऊपर गिर गया, जिसमें उसे सिर में गंभीर चोट आई थी। आसपास मौजूद लोगों ने इस नजारे को देखा और ग्रामीण पर गिरे पेड़ के डंगाल को हटाकर जख्मी स्थिति में लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया था। घटना की सूचना फोन करके स्वजन को दी गई, इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने घायल को रेफर कर दिया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान शाम 5.40 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।

Spread the love