बुधवार को मिर्गाडांड के जंगल में किया गया अंतिम संस्कार
उदयपुर। क्षेत्र में बुधवार, 13 मई को आकाशीय बिजली गिरने की घटना में 14 गायों की अकाल मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र के ग्रामीण और पशुपालक शोकाकुल में हैं।
बुधवार को ग्राम पंचायत उदयपुर के जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एकत्रित होकर मृत गौ माताओं को श्रद्धापूर्वक अंतिम विदाई दी। उप सरपंच शेखर सिंह देव की पहल पर एक्सीवेटर वाहन से मिर्गाडांड के जंगल में गड्ढा खुदवाया गया। इसके बाद हिंदू धर्म और सनातन रीति-रिवाजों से सभी गायों का अंतिम संस्कार किया गया।
सात पशुपालकों की हुई पहचान
वज्रपात का शिकार हुईं 14 गायों में से केवल 7 के स्वामियों की पहचान हो पाई है। शेष 7 गायों के मालिकों के संबंध में अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के कर्मचारियों ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार कर लिया है।
मौके पर मौजूद रहे जनप्रतिनिधि
मृत गौवंश को अंतिम विदाई देने के दौरान सरपंच प्रताप सिंह, उप सरपंच शेखर सिंह देव, वॉर्ड पंच कुञ्जल राजवाड़े, देव नारायण यादव, भोला सोनी, राहुल सिंह, राहुल गुप्ता, जगदीश जायसवाल, निरंजन सिंह समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।  

Spread the love