अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के पुलिस चौकी उमेश्वरपुर अंतर्गत अडानी कंपनी, केते परसा के रेल्वे लाइन में पेट्रोलिंग कर रहे सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सेंदुरी निवासी शनि दत्त यादव अडानी कंपनी केते परसा के रेल्वे लाइन में सुरक्षा गार्ड का काम करता है। 03 मई की रात को 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पोस्ट ब्रिज नंबर 80 से 98 तक, तारकेश्वरपुर रेल्वे लाइन में शनि दत्त और तुलेश्वर प्रसाद यादव का पेट्रोलिंग ड्यूटी लगा था। दोनों साथ में पेट्रोलिंग कर रहे थे। देर रात करीब दो बजे ग्राम कोतल में ब्रिज नं. 90 के पास पुल के पास जब वे पहुंचे तो दो लड़कियां और दो लड़के रेल्वे पुल के ऊपर बैठे थे। दोनों सुरक्षा गार्ड इनके पास गए और लड़कों से नाम-पता पूछे तो एक ने अपना नाम अमरेश टोप्पो निवासी कोतल एवं दूसरे ने रोहित तिर्की निवासी आमगांव बताया। गार्डों ने इनसे देर रात होने के कारण अपने घर जाने के लिए कहा तो अमरेश टोप्पो ने शादी में आने की बात कहते हुए अपना गांव है, नहीं घूम सकते हैं क्या, कहा। इसके बाद रोहित अपने मोबाइल से फोन करके सागर भगत को कोतल पुल के पास आने के लिए कहा। रात करीब 2.30 बजे सागर भगत अपने साथी आशिक केरकेट्टा, दोनों निवासी आमगांव के साथ मोटरसायकल से पुल के पास पहुंचे, और तुम लोग अडानी के आदमी हो, मेरे लड़कों को परेशान कर रहे थे, कहते हुए तीनों गालीगलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देकर मारपीट करने लगे। आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड का शर्ट फाड़ दिया। इस दौरान बीच-बचाव कर रहे साथी सुरक्षा गार्ड तुलेश्वर प्रसाद से भी आरोपी मारपीट किए, और उसका बांह पकड़कर रोड में घसीटने लगे। सुरक्षा गार्ड ने फोन करके सुरक्षा अधिकारी अमित मिश्रा को घटना की जानकारी दी और प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love