कुलपति ने कहा-ऐसी उपलब्धियों से विवि की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं शोध संस्कृति होगी सुदृढ़
अंबिकापुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) भारत सरकार का एक वैधानिक निकाय है, जो शिक्षा, परीक्षा, और अनुसंधान के मानकों को सुनश्चित करता है। परीक्षा में विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के छात्र बजरंग देवांगन का चयन पी.एच.डी. हेतु प्रतिष्ठित यूजीसी-जेआरएफ फेलोशिप के लिए हुआ है, जिससे विश्वविद्यालय परिवार हर्षित है।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं कुलपति प्रोफेसर राजेन्द्र लकपाले ने छात्र बजरंग देवांगन को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के सभी शिक्षकों को निर्देश दिया है कि, इस तरह की सफलता भविष्य में सभी विभागों से विद्यार्थियों को मिले, इसके लिए सतत प्रयास करें और विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दें। उन्होंने आगे कहा कि, इस प्रकार की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं शोध संस्कृति को सुदृढ़ करती हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शारदा प्रसाद त्रिपाठी ने छात्र बजरंग देवांगन को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य एवं शोध कार्य के सफलता की कामना की। छात्र बजरंग देवांगन ने जैव प्रौद्योगिकी में पी.एच.डी. हेतु प्रतिष्ठित यूजीसी-जेआरएफ फेलोशिप प्राप्त की है, यह उपलब्धि विभाग के लिए पहली है। उनका शोध कार्य डॉ. अमृता कुमारी पांडा, सहायक प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष, जैव प्रौद्योगिकी के मार्गदर्शन में संपादित किया जाएगा। शोध का विषय  ‘पादप वृद्धि प्रोत्साहक सूक्ष्म जीवों से युक्त जैव-फॉर्मुलेशनों की प्रभावशीलता का टमाटर एवं मिर्च फसलों के स्वास्थ्य पर, सरगुजा, छत्तीसगढ़ की लाल एवं जलोढ़ मिट्टी में अध्ययनÓ है, जो क्षेत्रीय कृषि उत्पादकता एवं सतत कृषि पद्धतियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Spread the love