कलेक्टर ने कहा-मानसून से पूर्व जरूरी निर्माण कार्य करें पूर्ण

अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने शनिवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिले के सभी निर्माण विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि, सभी विभाग इस बात का विशेष ध्यान रखें कि शासन के निर्देशानुसार नियम के अनुरूप ही निर्माण कार्य हों, निर्माण कार्यों में किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने विभिन्न विभागों में कराए जा रहे निर्माणाधीन, प्रगतिरत, अपूर्ण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। विभागों को सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी विभाग कार्यों में जोनल प्रक्रिया अपनाएं और अति आवश्यक कार्यों को समय अवधि में पूर्ण कराएं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर डीएन कश्यप सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नगरीय क्षेत्र में तालाबों में अतिक्रमण रोकने के लिए सौंदर्यीकरण किया जाएगा, इस हेतु तालाबों का चिन्हांकन करें और कार्ययोजना तैयार करके जानकारी उपलब्ध कराएं। कोई भी तालाब अतिक्रमित ना रहे। नगर निगम की टीम राजस्व विभाग की टीम के साथ मिलकर गंभीरता के साथ इस कार्य को करना सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने नगर निगम अंबिकापुर अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य जल्द पूर्ण करने निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजनांतर्गत स्वीकृत कार्यों की भौतिक प्रगति, नालंदा परिसर निर्माण कार्य में प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों सहित अन्य कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें
कलेक्टर ने जिले में सड़क निर्माण कार्य में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन में लोगों को परेशानी ना हो, निर्माणाधीन कार्यों को मानसून से पूर्व पूर्ण करें। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल, पीएचसी, ट्राइबल हॉस्टल का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए, जहां मुख्य द्वार तक सड़क नहीं है, इसका चिन्हांकन कर जल्द से जल्द जानकारी उपलब्ध कराने कहा गया, जिससे सुगम मार्ग के तहत आवश्यक कार्रवाई करके सड़क निर्माण किया जा सके।
मानसून से पूर्व जरूरी निर्माण कार्य पूर्ण करें
कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सभी अतिमहत्वपूर्ण कार्य जो मानसून से पूर्व पूरे किए जा सकते हैं, उन्हें यथाशीघ्र पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने अधोसंरचना वाले कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने निर्देशित किया तथा नगरीय क्षेत्र में मानसून से पूर्व नालियों के साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। बैठक में निर्माण कार्यों से संबंधित अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए समय सीमा में सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विद्युत यांत्रिकी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, आदिम जाति कल्याण विभाग, नगरीय निकाय, सीजीएमएससी सहित अन्य निर्माण संबंधी विभागों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

Spread the love