शहर के सद्भावना चौक में एक सप्ताह पूर्व आरोपी ने घटना को दिया था अंजाम

अंबिकापुर। शहर के सद्भावना चौक से लगे रिंग रोड में हुई महिला से दुराचार और हत्या के आरोपी को पुलिस ने एमसीबी जिले मेें गिरफ्तार किया है। इसकी सूचना मिलने पर अंबिकापुर से साइबर थाना की पुलिस टीम चिरमिरी थाना पहुंची, और आरोपी को लेकर अंबिकापुर आ गई है। घटना के बाद आरोपी के फरार रहने की स्थिति में सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने 30 हजार रुपये और डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने 5 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है। आरोपी की गिरफ्तारी में रेंज की पुलिस को अंतत: सफलता मिली। आखिरी बार अंबिकापुर रेलवे स्टेशन के पास देखा गया आरोपी दो जिले की सीमाओं को पार करके एमसीबी जिले में घूम रहा था। आरोपी से पुलिस पूछताछ करने में लगी है।
बता दें कि, सद्भावना चौक अंबिकापुर में रिंग रोड से लगे मटन दुकान में 2-3 अप्रैल की रात को महिला की हत्या दुष्कर्म के बाद कर दी गई थी। घटना के पहले मृतिका और आरोपी एक साथ जाते सीसीटीव्ही में कैद हुए थे, जो शराब के नशे में धुत्त प्रतीत हो रहे थे। तीन अप्रैल को जब महिला की नृशंस हत्या का सामने आया तो मौके पर पुलिस पहुंची। शव पंचनामा की कार्रवाई के दौरान महिला के प्राइवेट पार्ट में प्लास्टिक का बोतल मिला था। पुलिस ने मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें उसके पसली की 12 हड्डियां टूटी हुई मिली थी, फेफड़ा और दिल फट गया था। सिर में गहरे चोट के निशान थे। हत्या के बाद आरोपी की शिनाख्त हो गई थी, लेकिन वह शहर के अंदरूनी मार्गों से होते आराम से निकल गया था।
बाक्स
आठवें दिन लगा पुलिस के हाथ
महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी महिला के साथ घूमता था और उसके घर में भी आता जाता था। दोनों साथ में कबाड़ भी बिनते थे। पकड़ा गया आरोपी मूलत: प्रतापपुर का निवासी है, वह करीब 7 साल से अंबिकापुर में रह रहा था। नृशंस हत्या को अंजाम देने के बाद वह अन्य महिला से तंबाकू मांगकर खाया था। इसके बाद सीसीटीव्ही फुटेज में वह अंबिकापुर के रेलवे स्टेशन के पास नजर आया था। हत्यारोपी के तलाश में पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीव्ही फुटेज को खंगाला था। आरोपी को सिलफिली के पास देखने की सूचना मिलने पर ड्रोन कैमरे से भी तलाशी ली गई थी। संभाग के सभी थानों में आरोपी का फोटो और स्कैच भी भेजा गया था।
बाक्स
आईजी और एसएसपी ने की ईनाम की घोषणा
नृशंस तरीके से हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से शहर में आक्रोश की स्थिति बन रही थी। कांग्रेस ने बढ़ते अपराधों, महिलाओं की असुरक्षा, सूखे नशे का कारोबार, जैसे बिंदुओं को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया था, कैंडल मार्च निकाला, और घटनास्थल के पास धरना देकर आक्रोश व्यक्त किया था। वहीं सरगुजा पुलिस निरंतर आरोपी के धरपकड़ के लिए चल रही कार्रवाई को समाचार के माध्यम से साझा करने में लगी थी। इसी क्रम में सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार एवं सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने 5 हजार रुपये के ईनाम की घोषणा की थी। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 विशेष टीमें बनाई थी। चलती कार्रवाई के बीच आरोपी को एमसीबी पुलिस ने चिरमिरी से धर दबोचा, और इसकी सूचना सरगुजा पुलिस को दी थी।
बाक्स
कोतवाली थाना पहुंचे मृतिका के स्वजन  
दुष्कर्म और हत्या के आरोपी की चिरमिरी से गिरफ्तारी और उसे लेकर अंबिकापुर आने की खबर पर मृत महिला के स्वजन काफी संख्या में कोतवाली थाना पहुंच गए। ये आरोपी से मिलकर यह जानना चाहते थे, कि उसने दुर्दांत तरीके से घटना को क्यों अंजाम दिया? इनका यह भी कहना है कि हत्यासरे को फांसी की सजा दी जाए, या फिर उसे पब्लिक के हवाले कर दिया जाए। हालांकि उनकी हत्यारे से मुलाकात संभव नहीं हो पाई, कोतवाली पुलिस ने इन्हें बड़ अधिकारियों के द्वारा आरोपी से पूछताछ करने की जानकारी दी।
बयान
हत्या का आरोपी गिरफ्तार हो गया है, उसे हिरासत में लेकर पुलिस अग्रिम पूछताछ कर रही है। जल्द ही मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Spread the love