अंबिकापुर। ‘विज्ञान संसारÓ पत्रिका के 15वें अंक का विमोचन संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग संजय गुप्ता ने किया। इस अवसर पर शिक्षा एवं विज्ञान से जुड़े कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। पत्रिका का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच का विकास करना तथा विज्ञान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। प्रत्येक तीन माह में प्रकाशित होने वाली यह पत्रिका निरंतर नियमित रूप से प्रकाशित हो रही है और अपनी उपयोगिता के कारण लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचती रही है।
विमोचन अवसर पर संजय गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विद्यालयों की प्रगति के आधार के रूप में विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही समाज के लिए वास्तव में उपयोगी सिद्ध होता है। नकारात्मक व्यक्ति खुद के साथ साथ समाज को भी पतन की ओर ले जाता है। कार्यक्रम में पत्रिका के प्रबंध संपादक डॉ. अंचल कुमार सिन्हा तथा संपादक संस्कृति श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं। संस्कृति श्रीवास्तव ने अपने पूर्व कार्य ‘पंचतंत्रÓ के सरगुजिया अनुवाद के बारे में जानकारी दी और इसे हर विद्यालय तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। संयुक्त संचालक शिक्षा ने इस दिशा में हर संभव सहयोग का आश्वासन देने के साथ पत्रिका को और उपयोगी बनाए हेतु सुझाव भी दिए।

Spread the love