दुर्घटना के बाद कार को छोड़कर भागा सवार, चंद्रपुर और केरता ग्राम में शोक का माहौल
अंबिकापुर। अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर खड़गवां बैंक के पास बेकाबू कार के चालक ने सड़क के किनारे खड़ी दो महिलाओं को हवा में उड़ाते निकल गया, हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूर जाने के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। दुर्घटनाकारित कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है, चालक के तलाश में पुलिस लगी है। स्थानीय लोग यहां अक्सर होने वाली दुर्घटनाओं के कारण पहले भी स्पीड ब्रेकर की मांग कर चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरूवार की शाम को ग्राम चंद्रपुर निवासी ननका सिंह अपनी पत्नी खुलासो 45 वर्ष के साथ ग्राम केरता आए थे। यहां से अपनी एक अन्य रिश्तेदार महिला श्यामपति 35 वर्ष को साथ लेकर वापस चंद्रपुर जाने के लिए निकले थे। खड़गवां पहुंचने पर ननका सिंह ने कुछ सामान खरीदने के लिए अपनी बाइक को रोक दिया, और पास ही दुकान में चले गए। खुलासो और श्यामपति बाइक के पास ही सड़क के किनारे खड़े थे, इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रहे कार के चालक ने तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए महिलाओं को चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों महिलाएं हवा में कई फिट ऊपर उछलकर दूर गिर गई, गंभीर चोट आने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का भयानक मंजर जिसने भी देखा, वे सहम गए और कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार कुछ दूर जाने के बाद मौके पर ही कार को छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले ली है। चालक के तलाश में पुलिस लगी है। ग्रामीणों की मदद से दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रतापपुर लाया गया, यहां चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों महिलाओं का पोस्टमार्टम कराया है, और स्वजन को सौंप दिया है। घटना से ग्राम चंद्रपुर और केरता गांव में शोक का माहौल है। स्वजन व्यथित हैं, और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व में भी हुए हादसे, नहीं बना स्पीड ब्रेकर
गांव के लोगों का कहना है कि इस मार्ग में पूर्व में भी दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। गति अवरोधक बनाने की मांग पूर्व में की गई थी, लेकिन किसी प्रकार की कार्रवाई आज तक नहीं हुई है। ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर नहीं बनने पर उग्र आन्दोलन करने की चेतावनी दी है।

Spread the love