रमजान के माह में 26 वर्षों बाद 5 जुमा को नमाजियों ने अल्लाह की इबादत और दुआओं की अहमियत बढ़ाने वाला बताया

अंबिकापुर। रमजान के महीने के अंतिम शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज अता करने शहर के जयस्तंभ चैक स्थित जामा मस्जिद प्रांगण में बड़ी संख्या में लोग जुटे। सभी ने परिवार के सुख-समृद्धि व विश्व शांति की कामना की। अलविदा जुमा की नमाज हाफिज व कारी असीमुद्दीन रिजवी व तकिया में मौलाना मोइन ने अता कराया। उन्होंने इस मौके पर ईद-उल-फितर व नवरात्रि पर्व के एक साथ पड़ने का जिक्र करते हुए भारत की तरक्की, आपसी भाईचारा की मजबूती का संदेश दिया गया। पूरे भारत में 21 मार्च, शनिवार को ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। 26 साल बाद रमजान में 5 जुमा का संयोग बना है।
रमजान के महीने में छोटे बच्चों के साथ ही बड़ों को ईद-उल-फितर का इंतजार है। इसी क्रम में शुक्रवार को अलविदा जुमा का नमाज अता करने बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जामा मस्जिद के अलावा सद्भावना ग्राम तकिया में स्थित मुरादशाह बाबा के मजार में पहुंचे। सभी ने अलविदा जुमे की नमाज अता करके सभी के लिए परिवार की सुख-समृद्धि, सामाजिक एकता, सांप्रदायिक एकता व विश्व शांति की कामना की। हाफिज व कारी असीमुद्दीन रिजवी ने सभी से नेक रास्ते पर चलने का आव्हान किया। इसके अलावा शहर के सभी मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज अता करने लोगों की भीड़ उमड़ी। 21 मार्च को ईद-उल-फितर पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। अलविदा जुमा की नमाज अता करने के दौरान जामा मस्जिद में अंजुमन कमेटी की ओर से नमाजियों के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी। कमेटी के आग्रह पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम ने भी साफ-सफाई के साथ पुलिस बल की व्यवस्था की थी। इस बार रमजान का पवित्र महीना एक खास और दुर्लभ संयोग लेकर आया है। धार्मिक विद्वानों के अनुसार आमतौर पर रमजान के पवित्र माह में 4 जुमे होते हैं, करीब 26 वर्षों बाद संयोग बना है कि पूरे रमजान में कुल 5 जुमा पड़े, जिसे मुस्लिम आवाम अल्लाह की इबादत और दुआओं की अहमियत को बढ़ाने वाला मान रहे हंै। इसे देखते हुए अकीदत और एहतराम के साथ रमजान के आखिरी जुमा का नमाज अता करने पहुंचे लोग उत्साहित नजर आए। अलविदा जुमा का दिन रमजान के रुखसत होने का पैगाम देता है, इसके साथ ही नमाजी और रोजेदारों को तौबा, इबादत और दुआओं का मौका देता है। आयोजन व्यवस्था में अंजुमन कमेटी के सदर इरफान सिद्दीकी, नायब सदर मिन्हाजुल खान, याकूब खान, जावेद खान, सचिव अफजाल अंसारी, रिजवान सिद्दीकी, तनवीर हसन, परवेज आलम, अनिक खान, इमरान सिद्दीकी सहित अन्य सक्रिय रहे।
ईदगाह में आज अता की जाएगी नमाज
अलविदा जुमा की नमाज पढ़ने के बाद शनिवार को ईदगाह में 21 मार्च को सुबह 9 बजे से नमाज अता की जाएगी। यहां काफी संख्या में पहुंचने वाले नमाजियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात सहित अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। शुक्रवार को ईदगाह स्थल का पुलिस और प्रशासन की टीम ने जायजा लिया, और अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमिन वक्फ द्वारा यहां सुनिश्चित की जा रही बैठक व टेंट की व्यवस्था को देखा। नमाज के लिए पहुंचने वाले लोगों के लिए निगम की ओर से पानी टैंकर की व्यवस्था भी की जाएगी।

Spread the love