अंबिकापुर। जनजाति गौरव युवा समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष इन्दर भगत के नेतृत्व में अंबिकापुर स्थित जायसवाल चित्र मंदिर में दो चरणों में लव जिहाद की सच्ची घटनाओं पर आधारित बहुचर्चित फिल्म  ‘द केरला स्टोरी 2Ó को 1300 से अधिक जनजातीय बहनों, माताओं, महिलाओं को दिखाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य समाज की बहनों और बेटियों को झूठे प्रेमजाल एवं षड्यंत्रों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सतर्क करना और अपने जीवन एवं भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करना था। फिल्म के माध्यम से सामाजिक चुनौतियों और वास्तविक घटनाओं को सामने लाकर महिलाओं को सच से अवगत कराने का प्रयास किया गया।
दोनों चरणों में आयोजित इस विशेष प्रदर्शन में हजारों की संख्या में भाई-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। दर्शकों की भारी सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि समाज में जागरूकता के प्रति सकारात्मक सोच और गहरी रुचि विकसित हो रही है। फिल्म प्रदर्शन के पश्चात कई बहनों एवं युवतियों ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्में समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म से यह संदेश मिलता है कि हमें अपने धर्म, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए तथा सही शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से समाज को मजबूत बनाया जा सकता है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष इन्दर भगत ने कहा कि समाज की बहनों और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं जागरूकता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा वर्तमान समय में समाज को सजग रहने की आवश्यकता है, ताकि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने का कार्य करें। उन्होंने आगे कहा कि जनजाति गौरव युवा समाज का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक चेतना और जागरूकता का वातावरण तैयार करना है। बहनों और बेटियों को शिक्षित, जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाना अत्यंत आवश्यक है। सशक्त महिला ही मजबूत समाज का आधार होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में जनजाति गौरव युवा समाज सरगुजा की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष पावन पूर्णाहुति भगत, जिला उपाध्यक्ष सचिन भगत, सोनिया मुंडा, जिला सचिव रामबिहारी सिंह पैकरा के अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, लोमस राम, बिहारीलाल उरांव, देवनारायण भगत, कांति भगत, बालमुनि प्रधान, पुष्पा प्रधान, संगीता पैकरा, कांति प्रधान, सीमारो तिग्गा, कमुन कुजूर, अल्बिना मिंज, रंजिता भगत, दुर्गावती नागवंशी, साक्षी पैकरा, खुशबू एक्का, संध्या भगत, सुनीता लकड़ा, विशाखा भगत सहित सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Spread the love