लखनपुर। सरगुजा जिले में आज भी कई ऐसे आंगनबाड़ी केंद्र हैं जो किराए के भवन में संचालित हो रहे हंै। आंगनवाड़ी भवन के जर्जर होने तथा किराए के भवन में केंद्र का संचालन होने से कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं व बच्चों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही मामला लखनपुर विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम अरगोती सड़क पारा का है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक हाथी प्रभावित क्षेत्र होने के कारण लगभग 7 वर्ष पूर्व लाखों रुपये व्यय करके आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कराया गया था। नए आंगनबाड़ी भवन में लगभग एक वर्ष केंद्र का संचालन किया गया, और भवन का फर्स लगभग दो फीट नीचे धंस गया, जो बच्चों के बैठने योग्य नहीं था। इसके बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अंजती टोप्पो के द्वारा विगत कई वर्षों से किराए के मकान में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन किया जा रहा है। किराए के भवन में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित करने में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित ग्रामीणों ने भवन के मरम्मत की मांग की है। अब देखने वाली बात होगी कि कब तक शासन-प्रशासन द्वारा आंगनबाड़ी भवन का मरम्मत का कार्य कराया जाता है।

Spread the love