अंबिकापुर के निजी अस्पताल में पुत्री का चल रहा है उपचार, मोटरसायकल और 1000 रुपये नकद जब्त

अंबिकापुर। खुद को आरटीओ का अधिकारी बताकर बुलेट सवार ने पुत्री का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे ग्रामीण से 20 हजार रुपये नकद लूट की घटना को अंजाम दिया था, गांधीनगर थाना पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसायकल एवं 1000 रुपये नकद जप्त किया है। आदतन अपराधी किस्म के युवक के विरुद्ध थाना कोतवाली में भी प्रकरण दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम मरकाडांड का कृषक संदीप लकड़ा अपनी पुत्री अंजली को मासूम अस्पताल अंबिकापुर में पिछले 15 दिनों से भर्ती करके इलाज करा रहा है। 11 मार्च की शाम को करीब 6 बजे वह अपने ससुर रामजन के साथ मोटरसायकल से मासूम अस्पताल से गांधी चैक की ओर किसी काम से जा रहा था। इस दौरान राज पोल्ट्री फार्म के पास काले रंग के बुलेट मोटरसायकल में सवार एक व्यक्ति आकर उसका रास्ता रोक लिया और गालीगलौज करते हुए धमकी भरे लहजे में नहीं रूकने की बात को लेकर धक्का-मुक्की करने लगा। उक्त युवक अपना परिचय आरटीओ अधिकारी के रूप में देते हुए नाम सहजोर अली बताया, और जबरन पैंट पाकिट के जेब में हाथ डालकर पर्स निकाल लिया, और पर्स में रखे 10 हजार रुपये और शर्ट के जेब में रखा 10 हजार रुपये बलपूर्वक लूटने के बाद पर्स को फेंक दिया। आरोपी ने लूटपाट के बाद धमकी देते हुए भाग जाने के लिए कहा। इसकी जानकारी वह अपने परिचितों को दिया, और आरटीओ ऑफिस में जाकर पता किया तो वहां इस नाम का कोई अधिकारी नहीं होने की जानकारी मिली। आरोपी के बारे में पतासाजी करने पर सामने आया कि आरोपी सहजोर अली पिता अयुब अली, सत्तीपारा ईरानी मोहल्ले का रहने वाला है। लूटपाट करने वाले व्यक्ति का नाम, पता ज्ञात होने पर वह घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराया था, जिस पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध बीएनएस की धारा 126(2), 309(4), 204 का मामला दर्ज करके विवेचना में लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई करने और आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने आरोपी शहजोर अली पिता अयुब अली 24 वर्ष को पकड़ा और घटना के संबंध में पूछताछ किया तो उसने लूटपाट करना स्वीकार किया। प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। गिरफ्तार आरोपी द्वारा पूर्व में संजय पार्क के सामने एक अन्य व्यक्ति से 1130 रुपये का लूटपाट किया गया था, जिस पर थाना कोतवाली में धारा 309 (3) बी.एन.एस का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। उक्त मामले में थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा भी आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मण्डल, मोतीलाल केरकेट्टा, घनश्याम देवांगन सक्रिय रहे।

Spread the love