छापामार कार्रवाई के दौरान 35 नग गैस सिलिंडर जब्त

भटगांव। सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील अंतर्गत ग्राम करकोली नया में घरेलू गैस के अवैध भंडारण के खिलाफ संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की और 35 नग खाली और भरा गैस सिलिंडर जब्त किया है।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि ग्राम करकोली नया के महेश गुप्ता पिता नारायण गुप्ता के गोदाम में घरेलू गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर राजस्व, खाद्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान गोदाम में 23 भरे हुए और 12 खाली सिलिंडर मिले। इन्हें जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि गैस सिलिंडरों का भंडारण निर्धारित नियमों के अनुसार नहीं किया गया था। मौके पर कोई वैध लाइसेंस या अनुमति भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन का अभियान जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में रसोई गैस सिलिंडर के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसी जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करने का आग्रह किया गया है, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Spread the love